चित्रकला प्रतियोगिता का हुआ आयोजन - TOURIST SANDESH

Breaking

मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026

चित्रकला प्रतियोगिता का हुआ आयोजन

 चित्रकला प्रतियोगिता का हुआ आयोजन

प्रतियोगिता में प्रथम स्थान अविरति (बी.ए. प्रथम सेमेस्टर), द्वितीय स्थान शूबी (बी.कॉम. प्रथम सेमेस्टर) तथा तृतीय स्थान दिव्यांशी चौहान (बी.एससी. तृतीय सेमेस्टर) ने हासिल किया 



कोटद्वार। सेवा संकल्प अभियान 2026–27 के अंतर्गत मेरे सपनों का भारत – चित्र सेवा कार्यक्रम के तत्वावधान में विकसित भारत -2047 शीर्षक पर मंगलवार को डॉ. पी. द. ब. हि. राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कोटद्वार में चित्रकला तथा रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और सुंदर चित्रों की रचना की। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करना तथा चित्रकला के माध्यम से भारत के प्रति उनके सपनों, विचारों, आकांक्षाओं एवं सामाजिक सरोकारों को अभिव्यक्त करने के लिए मंच प्रदान करना था। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान अविरति (बी.ए. प्रथम सेमेस्टर), द्वितीय स्थान शूबी (बी.कॉम. प्रथम सेमेस्टर) तथा तृतीय स्थान दिव्यांशी चौहान (बी.एससी. तृतीय सेमेस्टर) ने प्राप्त किया।

कार्यक्रम के संयोजक डॉ. विनोद सिंह ने कहा कि चित्रकला केवल रंगों और रेखाओं का संयोजन नहीं, बल्कि विचारों, भावनाओं और सामाजिक चेतना की सशक्त अभिव्यक्ति है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के रचनात्मक कार्यक्रमों में छात्र-छात्राओं की सक्रिय सहभागिता से उनमें कलात्मक अभिरुचि विकसित होने के साथ-साथ सकारात्मक सोच, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना भी सुदृढ़ होती है।

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डी. एस. नेगी ने  कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल अकादमिक ज्ञान प्रदान करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास करना भी है। कला विद्यार्थियों की संवेदनशीलता, कल्पनाशीलता और मौलिक चिंतन को विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा का निरंतर विकास करने तथा अपनी कला के माध्यम से समाज और राष्ट्र के प्रति सकारात्मक योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

प्रतियोगिता के मूल्यांकन हेतु निर्णायक मंडल में डॉ. प्रवीण डोभाल, डॉ. मनीषा सिंह एवं डॉ. अंशिका बंसल सम्मिलित थे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें